दिल्ली में हवाई अड्डे पर नौकरी का झांसा देकर लोगों को ठगने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली में हवाई अड्डे पर नौकरी का झांसा देकर लोगों को ठगने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर रोजगार के अवसर दिलाने का वादा करके नौकरी तलाशने वाले कई व्यक्तियों को ठगने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली के बिजवासन निवासी 33 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है और विस्तृत जांच के बाद उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया, ‘यह मामला तब सामने आया जब आरके पुरम के एक निवासी ने एनसीआरपी पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज करायी। उसने शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक व्यक्ति ने खुद को हवाईअड्डा ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी का भर्ती करने वाला बताकर उससे 20,500 रुपये की ठगी की।’
व्यक्ति ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसे 35,000 रुपये प्रतिमाह वेतन का वादा करके नौकरी का झांसा दिया गया और पंजीकरण व प्रोसेसिंग फीस के लिए पैसे भेजने को कहा गया। उसने आरोप लगाया कि भुगतान के बाद, आरोपी ने जवाब देना बंद कर दिया और अपना फोन बंद कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
डीसीपी ने कहा, ‘एक टीम ने महिपालपुर, रंगपुरी, पालम और बिजवासन इलाकों में कई छापे मारे। तीन दिनों की कोशिशों के बाद, मनोज का पता लगा लिया गया और शनिवार को उसे पकड़ लिया गया।’
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, आरोपी ने खुलासा किया कि उसने हवाई अड्डे पर नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार लोगों को निशाना बनाया और आमतौर पर प्रत्येक पीड़ित से 20,000 से 25,000 रुपये की ठगी की। आरोपी ने बताया कि रकम अपेक्षाकृत कम होने की वजह से कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराने से परहेज किया।
उन्होंने बताया कि मनोज अविवाहित है और उसने आठवीं तक पढ़ायी की है और उसके खिलाफ एक मामला दर्ज करके आगे की जांच की जा रही है।
भाषा तान्या अमित
अमित

Facebook


