ऑनलाइन कार बिक्री धोखाधड़ी में दो लाख रुपये ठगने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

ऑनलाइन कार बिक्री धोखाधड़ी में दो लाख रुपये ठगने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 04:44 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 04:44 PM IST

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के एक निवासी से एक पुरानी कार ऑनलाइन बेचने के बहाने 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान पूर्वी दिल्ली के शिवपुरी एक्सटेंशन निवासी अमन सेठी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसने कथित तौर पर एक प्रतिष्ठित ऑनलाइन कार बिक्री मंच के कर्मचारी होने का नाटक करके पीड़ित का विश्वास जीता था।

त्रिलोकपुरी निवासी हरीश की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया, जिसके बाद 16 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई। सेठी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने उससे संपर्क किया और उसे एक पुरानी कार बेचने का प्रस्ताव दिया। पुलिस ने बताया कि उसने पीड़ित को कथित तौर पर बुकिंग और प्रोसेसिंग शुल्क के रूप में 2 लाख रुपये हस्तांतरित करने के लिए राजी कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पैसा मिलने के बाद, आरोपी ने न तो वाहन सौंपा और न ही रकम वापस की, और फोन का जवाब देना भी बंद कर दिया।

पुलिस की एक टीम ने विस्तृत वित्तीय और तकनीकी जांच की और पैसा आरोपी के नाम पर एक बैंक खाते में पहुंचने का पता लगाया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘केवाईसी विवरण, खाता गतिविधि और डिजिटल फुटप्रिंट के विश्लेषण से संदिग्ध की पहचान करने में मदद मिली।’

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपना ज्ञात पता छोड़कर भाग गया था और गिरफ्तारी से बच रहा था, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में कई छापों के बाद तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के माध्यम से उसे ढूंढ निकाला गया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान, सेठी ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच में कृष्णा नगर पुलिस थाने में दर्ज इसी तरह के धोखाधड़ी के मामले में उसकी संलिप्तता का पता चला, जो इस तरह के अपराधों के एक स्वरूप का संकेत देता है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो डेबिट कार्ड, दो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

भाषा अमित वैभव

वैभव