नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) जम्मू में अपनी जैविक संतान नहीं होने के संदेह में अपनी 10 वर्षीय बेटी की हत्या करने के आरोपी एक व्यक्ति को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली से पकड़ा गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी रमेश कुमार मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का निवासी है और जम्मू के गांधी नगर थाने में 2016 में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था।
शुक्रवार को हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी को जम्मू कश्मीर पुलिस के जांच अधिकारी को सौंप दिया गया, जिन्होंने मामले में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुमार जम्मू में एक निर्माण श्रमिक के रूप में काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि उसने कथित तौर पर अपनी बेटी के सिर पर लाठी से हमला किया, क्योंकि उसे संदेह था कि वह उसकी जैविक संतान नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि इलाज के दौरान लड़की ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, अपराध करने के बाद आरोपी जम्मू से भाग गया और कई वर्षों तक फरार रहा। बाद में वह दिल्ली में ‘राजवीर’ के फर्जी नाम से रहने लगा।
उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी जम्मू कश्मीर पुलिस के एक दशक पुराने मामले में आरोपी का पता लगाने के अनुरोध के बाद हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि भाटी माइंस के संजय कॉलोनी इलाके में उसके रहने की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप