राजौरी/जम्मू, 21 नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक गैर-स्थानीय मजदूर की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान बिहार के विशाल कुमार के रूप में हुई है। राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद असलम ने कहा कि 18 नवंबर को बेला कॉलोनी के पास नौशेरा में एक नाले में एक अज्ञात शव पड़ा मिला था।
असलम ने कहा कि अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार – एक हथौड़ा – भी बरामद किया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने विशाल कुमार के संपर्क में रहे एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी भी बिहार का ही निवासी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कबूल किया कि उसने विशाल कुमार को अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने के संदेह में मार डाला।
भाषा रवि कांत राजकुमार
राजकुमार