हरियाणा में जमीन हड़पने और जालसाजी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

हरियाणा में जमीन हड़पने और जालसाजी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 02:45 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 02:45 PM IST

फरीदाबाद, 29 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके जमीन हड़पने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान अमन गोयल के रूप में हुई है। उसे मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया।

यह मामला फरीदाबाद के सेक्टर 35 स्थित एक भूखंड से संबंधित है जो कई वर्षों से विवादित है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता दिल्ली निवासी माला शर्मा ने भूखंड के मालिक से इसे खरीदा था। हालांकि, खरीदने के कुछ ही समय बाद शर्मा को पता चला कि मालिक ने इसे गोयल को भी बेच दिया था।

पुलिस ने बताया कि इसी दौरान भूखंड मालिक की मृत्यु हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शर्मा के पास भूखंड का मूल पंजीकरण था जबकि गोयल ने प्रमाणित प्रति के आधार पर जमीन खरीदी थी।

बाद में जब गोयल ने कथित तौर पर भूखंड पर कब्जा करने का प्रयास किया तो शर्मा ने मामले में अदालत का रुख किया।

पुलिस ने बताया कि यह विवाद कई वर्षों तक चला जिसमें सत्र न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय और बाद में उच्चतम न्यायालय तक सभी अदालतों ने शर्मा के पक्ष में फैसला सुनाया।

इसके बावजूद शिकायतकर्ता को राहत नहीं मिली और शर्मा को पुलिस से संपर्क करना पड़ा क्योंकि गोयल ने कैबिनेट मंत्री का भतीजा होने का दावा करते हुए कथित तौर पर उन्हें धमकी दी थी।

शिकायत के आधार पर लगभग दो महीने पहले सराय ख्वाजा थाने में गोयल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

भूखंड पर कब्जा करने के लिए गोयल ने अपने दोस्त के नाम पर पिछली तारीख का फर्जी समझौता तैयार किया। जांच के बाद गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे हिरासत में लेने के लिए बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सुरभि संतोष

संतोष