गुजरात के साबरकांठा में बस की वैन से टक्कर होने के बाद छह महिलाओं की मौत, आठ लोग घायल

Ads

गुजरात के साबरकांठा में बस की वैन से टक्कर होने के बाद छह महिलाओं की मौत, आठ लोग घायल

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 02:37 PM IST

(तस्वीर सहित)

साबरकांठा (गुजरात), 29 अप्रैल (भाषा) गुजरात के साबरकांठा जिले में एक राजमार्ग पर बुधवार को एक निजी बस द्वारा एक वैन को टक्कर मारने के बाद छह महिलाओं की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ए. के. पटेल ने बताया कि वैन अरावली जिले के मोडासा से महिलाओं को ले जा रही थी तभी जिले में शामलाजी को हिम्मतनगर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर एक तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए काम करने वाली ‘कैटरिंग टीम’’ का हिस्सा थीं, जो पड़ोसी अरावली जिले के मोडासा से हिम्मतनगर के हुंज गांव में एक समारोह में शामिल होने जा रही थीं।

पटेल ने बताया कि वैन सवार छह महिला यात्रियों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में छह अन्य महिलाएं, एक पुरुष और वैन चालक घायल हो गए।

घायलों को तुरंत हिम्मतनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ध्रुपद चौहान ने बताया कि उनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा