कोच्चि के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव के आरोप में एक युवक गिरफ्तार

Ads

कोच्चि के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव के आरोप में एक युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 20, 2026 / 11:39 AM IST,
    Updated On - March 20, 2026 / 11:39 AM IST

कोच्चि, 20 मार्च (भाषा) केरल में अलुवा के पास वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर कथित तौर पर पथराव करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान अंगमाली के पास पराकडावु निवासी सुजीत सुरेश (19) के रूप में हुई है।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सात मार्च को हुई जब तिरुवनंतपुरम और मंगलुरु के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर नेदुम्बस्सेरी हवाई अड्डे के पास पत्थर फेंके गए।

पथराव से रेलगाड़ी की साइड की खिड़कियों के शीशों को मामूली नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद, आरपीएफ और रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई और आरोपी सुरेश को बृहस्पतिवार को आरपीएफ और रेलवे पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया गया।

आरपीएफ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अधिकारियों को बताया कि किसी बात से वह तनाव में था और उसी मनोदशा में उसने पथराव कर दिया था।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

भाषा तान्या शोभना

शोभना