दिल्ली के बुराड़ी में अवैध हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली के बुराड़ी में अवैध हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली के बुराड़ी में अवैध हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: March 12, 2026 / 04:04 pm IST
Published Date: March 12, 2026 4:04 pm IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक व्यक्ति को अवैध हथियार रखने और गैंगस्टर से संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बुराड़ी निवासी दीपक उर्फ ​​झुमरी (26) नामक आरोपी को दिल्ली पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार दीपक सोशल मीडिया मंच पर देसी पिस्तौल लहराते हुए वीडियो अपलोड करता था ताकि उसके अधिक ‘फॉलोअर्स’ हो सके और पैसे कमाने के लिए गैंगस्टर से संपर्क बना सके।

इसने बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान पुलिस को एक सोशल मीडिया प्रोफाइल मिला, जिस पर एक व्यक्ति ने देसी पिस्तौल पकड़े हुए अपनी तस्वीर अपलोड की थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को तीन और चार मार्च की दरमियानी रात को बुराड़ी में परिवहन कार्यालय के निकट आरसीसी रोड से गुजरते समय गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

इसने बताया कि पूछताछ के दौरान, दीपक ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया मंच पर मशहूर होना चाहता था और उसने हिमांशु नामक व्यक्ति से अवैध हथियार हासिल किये थे।

पुलिस ने बताया कि दीपक ने स्वीकार किया कि उसने अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया मंच पर पिस्तौल के साथ वीडियो पोस्ट करना शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी स्वरूप नगर पुलिस थाने में दर्ज चोरी के तीन मामलों में शामिल रहा है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में