पुरानी दिल्ली में घर से नकदी और आभूषण चुराने वाला गिरफ्तार, 1.80 लाख रुपये बरामद
पुरानी दिल्ली में घर से नकदी और आभूषण चुराने वाला गिरफ्तार, 1.80 लाख रुपये बरामद
नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) पुरानी दिल्ली के हौज काज़ी इलाके में एक घर से पौने चार लाख रूपये की नकदी और गहने चुराने के आरोप में एक शख़्स को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी अरशद अली (38) के पास से चोरी के 1.80 लाख रुपये नकद और अन्य माल बरामद कर लिया गया है।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि अली पहले भी चोरी के पांच मामलों में शामिल रहा है।
उनके अनुसार, 30 मई को हौज काजी थाने में चोरी की एक शिकायत दर्ज की गई थी। पेशे से एसी मैकेनिक शिकायतकर्ता ने बताया कि 29 मई की शाम वह अपनी पत्नी के साथ कहीं गए थे और जब वह देर रात लौटे, तो मुख्य दरवाजे और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला, जहां से 3,75,000 रुपये नकद और सोना, चांदी व आर्टिफिशियल आभूषण गायब थे।
पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया जिसने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया।
सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांदनी महल इलाके में छापेमारी कर वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नकदी, व आभूषण बरामद कर लिए हैं और चोरी का बाकी माल बरामद करने और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


