पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करने के शक में युवक हिरासत में

पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करने के शक में युवक हिरासत में

पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करने के शक में युवक हिरासत में
Modified Date: January 26, 2026 / 09:45 pm IST
Published Date: January 26, 2026 9:45 pm IST

जैसलमेर, 26 जनवरी (भाषा) सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के शक में राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर से एक युवक को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कार्रवाई 25 जनवरी की रात को की गई। एक विशेष टीम संदिग्ध के घर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध की पहचान नेहड़ान गांव के रहने वाले झाबराराम मेघवाल के रूप में हुई है जो सीमावर्ती इलाके में एक ई-मित्र केंद्र संचालित कर रहा था और कथित तौर पर पाकिस्तानी महिला हैंडलर के संपर्क में था।

अधिकारियों ने बताया कि सीआईडी-इंटेलिजेंस की टीमें संदिग्ध को पूछताछ के लिए जयपुर ले गईं जबकि उसके मोबाइल फोन और कंप्यूटर को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ से पता चला है कि वह पिछले चार साल से गांव में ई-मित्र केंद्र संचालित कर रहा था।

खुफिया सूत्रों के अनुसार संदिग्ध की कई सरकारी योजनाओं और दस्तावेजों तक पहुंच थी और शक है कि वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया था।

सूत्रों के अनुसार, ‘‘ शक है कि उसने मोहपाश में फंसकर रणनीतिक महत्व की जानकारी साझा की होगी।’

उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी ने पैसे के बदले संवेदनशील जानकारी साझा की या किसी दबाव में काम किया।

राजस्थान की 1,000 किलोमीटर से ज़्यादा लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पाकिस्तान से लगती है।

भाषा स. पृथ्वी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में