सतीशन ने राहुल गांधी के खिलाफ चंद्रशेखर की टिप्पणी की निंदा की

सतीशन ने राहुल गांधी के खिलाफ चंद्रशेखर की टिप्पणी की निंदा की

सतीशन ने राहुल गांधी के खिलाफ चंद्रशेखर की टिप्पणी की निंदा की
Modified Date: September 27, 2026 / 12:44 am IST
Published Date: September 27, 2026 12:44 am IST

तिरुवनंतपुरम (केरलम), 26 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर की कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) से जुड़े विवाद पर उनके दावों को खारिज किया।

सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी के खिलाफ व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां राजनीतिक आलोचना नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी के खिलाफ व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां राजनीतिक आलोचना नहीं हैं। यह उस पार्टी की भाषा है जिसके पास अपनी विफलताओं के लिए कोई जवाब नहीं है।’’

सतीशन ने निर्वाचन आयोग में मतभेदों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद पर भाजपा नेता की प्रतिक्रिया की भी आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों को सामान्य बताना और साथ ही एसआईआर प्रक्रिया की किसी भी जांच को खारिज करना भाजपा के दोहरे मानदंड को उजागर करता है।’’

सतीशन ने कहा, ‘‘केरलम राहुल गांधी जी और कांग्रेस के खिलाफ लगाए गए इन निराधार आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है।’’

इससे पहले दिन में चंद्रशेखर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘‘सबसे बड़ा धोखेबाज’’ बताया था।

कोल्लम में निर्वाचन आयोग से जुड़े विवादों पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि राहुल गांधी सबसे बड़े धोखेबाज हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ने 2014 से 2024 के बीच कांग्रेस की चुनावी हार के लिए अलग-अलग कारण बताए हैं।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पहले उन्होंने कहा कि इसकी वजह ईवीएम में गड़बड़ी थी। फिर उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में हेरफेर किया गया। अब वह कह रहे हैं कि इसकी वजह एसआईआर है।’’

चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि लोग ‘‘भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति, विकास में ठहराव और रोजगार की कमी’’ के कारण कांग्रेस को हरा रहे हैं।

भाषा अमित

अमित

अमित


लेखक के बारे में