दिल्ली के राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार एसयूवी ने युवक को कुचला, मौत
दिल्ली के राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार एसयूवी ने युवक को कुचला, मौत
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में एक तेज रफ्तार ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) ने 35 वर्षीय एक व्यक्ति को उस वक्त कथित तौर पर टक्कर मार दी जब वह अपने दोस्त के संग सड़क किनारे खड़ा था। इस हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना शनिवार रात की है और मृतक की पहचान ख्याला निवासी उदय महतो के रूप में हुई है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया, ‘‘एक तेज रफ्तार एसयूवी ने महतो को टक्कर मार दी, जबकि उनका दोस्त बाल-बाल बच गया।’’
पुलिस ने बताया कि एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया और महतो के दोस्त ने परिवार को सूचित किया। महतो को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग की है। महतो के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
भाषा
खारी नरेश
नरेश

Facebook


