दिल्ली में ट्रेन की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत, खुदकुशी का शक
दिल्ली में ट्रेन की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत, खुदकुशी का शक
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ओखला और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक और एक युवती की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।
रेलवे पुलिस के अनुसार, रविवार रात 8:47 बजे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाने को घटना की जानकारी मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
रेलवे इकाई के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘ओखला और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों के बीच रेल की पटरियों पर पहुंचने पर पुलिस को एक युवक और 20 वर्षीय युवती का शव पड़ा हुआ मिला। एक महिला पुलिस अधिकारी और अपराध टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।’
तलाशी के दौरान पुलिस को उस व्यक्ति की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निवासी सागर (23) के रूप में हुई। बाद में युवती की पहचान बुलन्दशहर निवासी शिवानी (20) के रूप में हुई।
पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल भेज दिया गया है और उनके परिवार के सदस्यों को सूचित कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दंपति ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस घटना की सटीक परिस्थितियों की पुष्टि कर रही है।
पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


