ओडिशा के मयूरभंज में फंदे से लटका मिला व्यक्ति का शव, स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

Ads

ओडिशा के मयूरभंज में फंदे से लटका मिला व्यक्ति का शव, स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 10:19 PM IST

बारीपदा (ओडिशा), 21 जून (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज ज़िले में रविवार को एक पुलिस थाने के सामने खाली पड़े घर में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपनी गाड़ी चोरी होने की शिकायत पर पुलिस के कार्रवाई न करने की वजह से उसने आत्महत्या कर ली।

कुलियाना पुलिस थाने में इलाके के कामता गांव के रहने वाले दीपक कुमार बारिक (35) शनिवार रात फंदे से लटके हुए पाए गए।

पुलिस के अनुसार, बारिक की गाड़ी कथित तौर पर डेढ़ महीने से भी ज़्यादा समय पहले चोरी हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने कुलियाना पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, वाहन का पता लगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कुलियाना पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार के लिए 25 लाख रुपये के मुआवजे की मांग करते हुए, स्थानीय लोगों ने शव के साथ पुलिस थाने के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर सड़क जाम कर दी।

करीब दो घंटे तक गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रही।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया गया।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश

नरेश