पंजाब के होशियारपुर में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, पुलिस को गुटों की आपसी रंजिश का शक
पंजाब के होशियारपुर में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, पुलिस को गुटों की आपसी रंजिश का शक
होशियारपुर (पंजाब), 22 अगस्त (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में शनिवार दोपहर दाना मंडी रहीमपुर में अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर कम से कम 10 गोलियां चलाईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के पैर में गोली लगी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (जांच) होशियारपुर नवनीत सिंह महल ने बताया कि घटना अपराह्न करीब 2:50 बजे उस वक्त हुई जब सैदपुर गांव निवासी मनप्रीत सिंह और एक अन्य व्यक्ति अनाज मंडी में मौजूद थे।
महल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनप्रीत सिंह हमलावरों के निशाने पर था। उन्होंने कहा कि मनप्रीत हाल ही में जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज थे। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति के पैर में गोली लगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर अपनी कार से मौके से फरार हो गए।
एसपी ने बताया कि घायल दोनों लोगों को होशियारपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि बाद में चिकित्सकों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल भेज दिया, जहां मनप्रीत को मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि दूसरा घायल व्यक्ति पुलिस के पहुंचने से पहले ही निजी अस्पताल से चला गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।
महल ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि यह घटना दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जांच जारी है और मामला दर्ज किया जाएगा।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


