अलवर में थाने के सामने सिर पर पत्थर से वार करके युवक की हत्या
अलवर में थाने के सामने सिर पर पत्थर से वार करके युवक की हत्या
जयपुर, 24 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले के बड़ौदामेव में बृहस्पतिवार को थाने के सामने सिर पर पत्थर से वार करके एक युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बड़ा वास निवासी सेकून खान (40) के रूप में हुई है जो मोटरसाइकिल का टायर खरीदने के लिए बाजार में पहुंचा था।
पुलिस ने बताया कि वह अपने गांव के नूर मोहम्मद को बैंक में छोड़कर बड़ौदामेव थाने के सामने से गुजर रहा था, तभी हर्ष मूर्तिकार नामक व्यक्ति ने सड़क पर पड़े पत्थर से सेकून के सिर पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को मौके पर मौजूद लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां से उसे अलवर रेफर कर दिया गया पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शव को अलवर जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोगों ने अलवर जिला अस्पताल और बड़ौदामेव थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अलवर-भरतपुर मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सर्व एकता समिति के प्रदेश अध्यक्ष शब्बीर खान ने मामले की जांच के लिए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है। उन्होंने मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और परिजनों को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
नेता प्रतिपक्ष जूली ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अलवर के बड़ौदामेव में पुलिस थाने के मुख्य फाटक के सामने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक युवक की पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या किये जाने की घटना राजस्थान की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कानून की प्रतिष्ठा समाप्त हो गई है और पुलिस तंत्र भाजपा नेताओं की ‘चापलूसी’ में लगा हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि राजस्थान में कानून का राज नहीं, बल्कि अपराधियों का आतंक कायम है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘बेबस सरकार, बेबस मुख्यमंत्री और बेबस पुलिस, आज राजस्थान इसी स्थिति को झेल रहा है।’’
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पुलिस थाने के सामने युवक की हत्या किये जाने की घटना प्रदेश में ‘‘जंगलराज’’ का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय पूरी तरह समाप्त होना किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।
भाषा बाकोलिया मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


