इंफाल, आठ सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मणिपुर के गिटार वादक एवं संगीतकार की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया। संगीतकार की कुछ लोगों ने कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।
खेमचंद सिंह ने 54 वर्षीय चोंगथम विक्रम सिंह की मौत की कड़ी निंदा की। विक्रम सिंह ने सोमवार तड़के दिल्ली के किलोकरी गांव में अपने अपार्टमेंट के बाहर कथित हमले के बाद लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने अपने घर के बाहर कथित रूप से शोर मचा रहे और शराब पी रहे डिलीवरी कर्मियों तथा ढाबा कर्मचारियों समेत कुछ लोगों का विरोध किया था, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
मुख्यमंत्री सिंह ने रेखा गुप्ता से आग्रह किया कि जांच पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में कराई जाए और हमले में शामिल सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘किसी भी व्यक्ति को अपने ही इलाके में शांति की मांग करने के कारण ऐसी हिंसा का सामना नहीं करना चाहिए या अपनी जान नहीं गंवानी चाहिए।’’
उन्होंने इस घटना को ‘‘बेवजह और क्रूर हिंसा’’ करार देते हुए इसकी निंदा की।
उन्होंने कहा कि यह घटना दिल्ली में रहने, पढ़ने और काम करने वाले पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं की दर्दनाक याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को अलग-थलग मामलों के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार से मणिपुर और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों तथा कामकाजी लोगों की अधिक आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भी आग्रह किया।
इस बीच, दिल्ली विश्वविद्यालय की नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी ने भी चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या की निंदा की। संगठन ने उन्हें ‘‘सम्मानित मणिपुरी संगीतकार’’ बताते हुए मामले की त्वरित, निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश