इंफाल, 23 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन से सोमवार को नयी दिल्ली में मुलाकात की और जातीय हिंसा प्रभावित राज्य में पार्टी को मजबूत करने के बारे में चर्चा की।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह के साथ दो उप मुख्यमंत्री लोसी दिखो और नेमचा किपगेन भी थे, जो क्रमशः नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) और भाजपा से हैं।
बैठक के दौरान नेताओं ने पार्टी की राज्य इकाई को मजबूत करने से संबंधित मामलों पर चर्चा की।
बयान में कहा गया है कि नवीन ने मुख्यमंत्री से आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के पुनर्वास की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों में तेजी लाने को भी कहा और उन्हें इस प्रयास में पार्टी की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
भाजपा विधायक सिंह ने चार फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जातीय हिंसा के कारण एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद मणिपुर में पिछले साल 13 फरवरी को राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था।
भाषा शोभना दिलीप
दिलीप