मणिपुर के मुख्यमंत्री ने इंफाल के सैनिक स्कूल में चुनौतियों के समाधान का आश्वासन दिया
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने इंफाल के सैनिक स्कूल में चुनौतियों के समाधान का आश्वासन दिया
इंफाल, 15 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने रविवार को इंफाल के सैनिक स्कूल के अधिकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी प्रमुख शिकायतों और बुनियादी ढांचे से संबंधित चुनौतियों का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।
सिंह ने विद्यालय का दौरा किया और इस दौरान प्रधानाचार्य कर्नल ए राजीव ने विद्यालय के कामकाज पर विस्तृत प्रस्तुति दी और कई महत्वपूर्ण समस्याओं के संबंध में बताया।
इनमें जर्जर बुनियादी ढांचा, अनियमित जलापूर्ति, चारदीवारी को मजबूत करने की आवश्यकता, लड़कियों के छात्रावास का लंबित निर्माण और विक्रम बत्रा सभागार में ध्वनि की स्पष्टता संबंधी समस्याएं शामिल थीं।
कर्नल राजीव ने सिंह को स्कूल की हालिया शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन और विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में कैडेट की भागीदारी के बारे में भी जानकारी दी।
प्रस्तुति के बाद सिंह ने कहा कि समस्याओँ का समाधान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को बताया जाएगा।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छात्र समाज के स्तंभ हैं और उनकी जरूरतों को उचित प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी किया, ताकि बुनियादी ढांचे की आवश्यकताओं का आकलन किया जा सके और उन क्षेत्रों की पहचान की जा सके, जिनमें निर्माण, नवीनीकरण और मरम्मत की आवश्यकता है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


