मणिपुर के मुख्यमंत्री ने जिरिबाम के समुदायों की सराहना की
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने जिरिबाम के समुदायों की सराहना की
इंफाल, चार अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को कहा कि जिरिबाम ने इतिहास रच दिया है क्योंकि यह राज्य का पहला जिला है जहां तीन साल की अशांति के बाद शांति बहाल करने के लिए सभी समुदाय एक साथ आए।
सिंह ने न्यू अलीपुर रोंगमेई नगा गांव में एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले दो महीनों में दूसरी बार जिरिबाम का दौरा करने का फैसला किया क्योंकि विभिन्न समुदायों के लोग एक मंच पर एक साथ बैठने के लिए सहमत हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जिरिबाम के लोग राज्य में सबसे खुले विचारों वाले हैं।’’
कार्यक्रम के दौरान सिंह ने मेइती, कुकी, पाइते और हमार समुदायों के आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के साथ बातचीत की और उनकी शिकायतों को सुना।
सिंह ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार आईडीपी की हर संभव मदद करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है मैं आपकी सभी इच्छाओं को पूरा न कर पाऊं, लेकिन मैं हर संभव तरीके से आप सबकी मदद करता रहूंगा। हर कोई हमेशा से घर लौटना चाहता था, और हमारी सरकार विस्थापितों को नए मकान बनाने में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।’’
मुख्यमंत्री ने शनिवार को दक्षिण असम की सीमा से लगे जिरिबाम जिले की यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के माध्यम से सड़क मार्ग से की, जिसमें उन्होंने 220 किलोमीटर से अधिक की दूरी छह घंटे में तय की।
भाषा देवेंद्र प्रशांत
प्रशांत

Facebook


