इंफाल, आठ जून (भाषा) मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था और सभी के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
सिंह ने यह बात कांगपोकपी और सेनापति जिलों के अपने पहले दौरे पर कुकी और नगा नागरिक समाज संगठनों के साथ बातचीत में कही।
इस दौरान डीजीपी को जिले में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा इंतजामों और पुलिस की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘उन्होंने जिला पुलिस बलों के कामकाज और अभियान संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की।’’
सिंह ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कमांडरों के साथ भी बैठक की।
सिंह ने रविवार शाम संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिसकर्मियों को मेरा निर्देश है कि हर मामले को निष्पक्ष तरीके से निपटाया जाए। कानून के किसी भी उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।’’
उन्होंने दोहराया कि पुलिस बिना किसी डर या पक्षपात के निष्पक्ष रूप से लोगों की सेवा करती रहेगी।
डीजीपी का कांगपोकपी और सेनापति दौरा ऐसे समय में हुआ है जब संदिग्ध सशस्त्र समूहों द्वारा कम से कम 20 लोगों को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने के बाद नगा और कुकी समुदायों के बीच तनाव बना हुआ है। बंधकों को छुड़ाने के प्रयास जारी हैं।
मणिपुर में मई 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच हिंसा में कम से कम 260 लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।
भाषा
खारी वैभव
वैभव