मणिपुर सरकार बम हमले की जांच एनआईए को सौंपेगी : मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह
मणिपुर सरकार बम हमले की जांच एनआईए को सौंपेगी : मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह
इंफाल, सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार ने बिष्णुपुर जिले में हुए बम हमले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपने का फैसला किया है। हमले में दो बच्चों मौत हो गई।
संवाददाता सम्मेलन में सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि यह कृत्य उन व्यक्तियों या समूहों का काम लगता है, जिनके निजी स्वार्थ राज्य में शांति भंग करने में हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य के गृह मंत्री और अन्य विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद मामले को एनआईए को सौंपने का निर्णय लिया गया।
इससे पहले, सिंह ने इस हमले को ‘बर्बर कृत्य’ बताया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और कानून के तहत उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।
सिंह ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि यह हमला उन लोगों ने किया है जो राज्य में शांति भंग करना चाहते हैं। हमने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें, संभव हो तो आज ही।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चल रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस, असम राइफल्स और सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) समेत सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। हेलीकॉप्टर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिष्णुपुर जिले में यह घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे तब हुई जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक घर पर बम फेंका। इस बम विस्फोट में पांच वर्षीय एक बच्चे और छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने लोगों से शांत रहने और भावनाओं में बहकर कोई प्रतिक्रिया न देने का आग्रह किया। उन्होंने नागरिकों से अभियानों में सहयोग करने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयासों में समर्थन देने का आह्वान किया।
उनकी टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब स्थानीय लोगों ने सुबह ट्रोंग्लाओबी इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास विरोध प्रदर्शन किया और दो तेल टैंकरों और एक ट्रक को आग लगा दी।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


