मणिपुर:जातीय हिंसा भड़कने के तीन साल बाद पहली बार विधानसभा सत्र में शामिल हुए कुकी विधायक

Ads

मणिपुर:जातीय हिंसा भड़कने के तीन साल बाद पहली बार विधानसभा सत्र में शामिल हुए कुकी विधायक

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 12:41 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 12:41 PM IST

इंफाल, दो सितंबर (भाषा) मणिपुर में तीन साल से अधिक समय पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद पहली बार कुकी समुदाय के विधायकों ने बुधवार को इंफाल में विधानसभा सत्र में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कुकी पीपुल्स अलायंस (केपीए) के सैकुल से विधायक किमनेओ हाओकिप हांगशिंग और सैतु सीट से निर्दलीय विधायक हाओखोलेट किपगेन ने विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में भाग लिया। दोनों विधायक कांगपोकपी जिले से हैं।

इससे पहले कुकी समुदाय के शीर्ष संगठन ‘कुकी इनपी मणिपुर’ (केआईएम) ने सभी कुकी विधायकों को बुधवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए मेइती बहुल इंफाल की यात्रा नहीं करने का निर्देश दिया था।

संगठन ने यह निर्देश कुकी-जो समुदाय की अलग प्रशासन की मांग के संबंध में राजनीतिक समाधान होने तक दिया था।

फरवरी में छह कुकी-जो विधायकों ने मणिपुर विधानसभा के बजट सत्र में ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया था।

मणिपुर विधानसभा में वर्तमान में कुकी, जोमी और हमार समुदायों के नौ विधायक हैं।

मई 2023 से इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती और आसपास के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं।

भाषा मनीषा संतोष

संतोष