मणिपुर: अखबार के संपादक को निशाना बनाकर चलाई गईं गोलियां
मणिपुर: अखबार के संपादक को निशाना बनाकर चलाई गईं गोलियां
इंफाल, 19 फरवरी (भाषा) मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में एक स्थानीय समाचारपत्र के संपादक को निशाना बनाकर कथित तौर पर गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे हट्टा कब्रिस्तान के पास हथियारबंद लोगों ने खोइरोम लोयालकपा की कार को रोका।
पुलिस के मुताबिक, अखबार के संपादक की गाड़ी पर दो गोलियां चलाई गईं, जिससे पीछे का शीशा टूट गया और इसके बाद हमलावरों ने उनकी पिटाई भी की।
इसने बताया कि लोयालकपा को नाक से खून बहने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज कर हमले के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


