मणिपुर: उपराष्ट्रपति ने आईएनए स्मारक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि दी

Ads

मणिपुर: उपराष्ट्रपति ने आईएनए स्मारक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:47 PM IST

इंफाल, आठ सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने मंगलवार को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में आईएनए शहीद स्मारक परिसर में स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि राधाकृष्णन ने मोइरांग कांगला स्थित ऐतिहासिक ध्वजारोहण स्थल का दौरा किया, जहां नेताजी बोस के नेतृत्व वाली आजाद हिंद फौज (आईएनए) ने 14 अप्रैल, 1944 को पहली बार भारतीय धरती पर तिरंगा फहराया था।

उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति ने आईएनए युद्ध संग्रहालय दीर्घा का भी दौरा किया जो आईएनए के शौर्य और बलिदान को समर्पित है।

इसके अलावा राधाकृष्णन ने परिसर में नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

संग्रहालय में पत्रों, तस्वीरों, सैन्य रैंक के बैज और युद्ध से जुड़ी अन्य स्मृतियों का संग्रह है, जो आगंतुकों को नेताजी के नेतृत्व में सैनिकों के महान बलिदान की याद दिलाता है।

उपराष्ट्रपति के साथ राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम, कला एवं संस्कृति मंत्री खुराईजम लोकेन और विधायक थ. शांति भी थे।

राधाकृष्णन ने इंफाल स्थित सैनिक स्कूल का भी दौरा किया, जहां उन्होंने युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और कैडेटों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

अधिकारी ने बताया कि उन्होंने कैडेटों के साथ मेस में दोपहर का भोजन किया और बाद में उन्हें संबोधित किया।

राधाकृष्णन ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्थान की 55 वर्षों की यात्रा ‘समर्पण, अनुशासन, बलिदान, सीख, उपलब्धियों और राष्ट्र सेवा के वर्षों’ का प्रतीक है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि किसी संस्थान की वास्तविक विरासत ‘केवल उसकी इमारतों या अभिलेखों में नहीं, बल्कि उसके विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के चरित्र में दिखाई देती है’।

उन्होंने कैडेटों से विशेष रूप से अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।

राधाकृष्णन ने उनसे आह्वान किया कि वे सशस्त्र बल, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विज्ञान, प्रशासन, उद्यमिता, शिक्षण, खेल या किसी भी अन्य क्षेत्र में जाएं, वहां ‘इन मूल्यों को अपने पेशे में जरूर लाएं।

इससे पहले दिन में इंफाल हवाई अड्डे पहुंचने पर उपराष्ट्रपति को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि असम से मणिपुर पहुंचे राधाकृष्णन मंगलवार को मणिपुर से अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित डोनी पोलो हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश