मिजोरम में 2.30 करोड़ रुपये मूल्य की ‘मंटा रे गिल प्लेट’ जब्त
मिजोरम में 2.30 करोड़ रुपये मूल्य की ‘मंटा रे गिल प्लेट’ जब्त
आइजोल, नौ जुलाई (भाषा) मिजोरम के चंफाई जिले में लगभग 210 किलोग्राम संदिग्ध ‘मंटा रे गिल प्लेट’ बरामद किए गए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय कालाबाजार में कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
‘मंटा रे गिल प्लेट’ मछली के मुंह में मौजूद उपास्थि (कार्टिलेज) से बनी छननी जैसी संरचना होती है। एशिया के कुछ हिस्सों में पारंपरिक दवाओं में इसके इस्तेमाल के कारण इसकी काफी मांग है। इसी वजह से इसकी अवैध तस्करी बढ़ी है।
पुलिस के अनुसार यह राज्य में वन्यजीवों से जुड़ी सबसे बड़ी बरामदगी में से एक है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सात जुलाई की रात जिला पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक पिकअप वाहन को रोका, जिसमें नौ बैग में छिपाकर रखे गए सूखे ‘मंटा रे’ या ‘मोबुला गिल प्लेट’ बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि वाहन में सवार असम के सिलचर के निवासी राजीव हुसैन लस्कर (26) और जिनुक उद्दीन लस्कर (30) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि इस खेप की अंतरराष्ट्रीय काला बाजार में कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये है और माना जा रहा है कि यह मिजोरम में वन्यजीवों से जुड़ी सबसे अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक है।
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


