नकाबपोश बदमाशों ने खुली जेल के कैदी की गोली मारकर हत्या की

Ads

नकाबपोश बदमाशों ने खुली जेल के कैदी की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - August 13, 2026 / 12:34 AM IST,
    Updated On - August 13, 2026 / 12:34 AM IST

जयपुर, 12 अगस्त (भाषा) जयपुर के करणी विहार में धावास रोड पर बुधवार शाम मोटरसाइकिल पर सवार खुली जेल के एक कैदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि स्कूटी पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कैदी पर तीन गोलियां चलायी। इनमें से एक गोली हेलमेट को भेदते हुए कैदी के सिर में जा लगी, जिससे वह मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद शहर में ए-श्रेणी की नाकाबंदी कराई गयी है, लेकिन देर रात तक बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि मृतक की पहचान धावास निवासी गंगासहाय कुमावत के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि गंगासहाय को 2018 में मोती डूंगरी क्षेत्र के गणेश नगर निवासी महेन्द्र गुर्जर की हत्या के मामले में जेल की सजा सुनायी गयी थी। वर्तमान में वह सांगानेर खुली जेल में सजा काट रहा था।

प्रशांत ने बताया कि गंगासहाय बुधवार को अपने परिजन से मिलने के लिए खुली जेल से धावास स्थित अपने घर आया था। शाम करीब पौने छह बजे वह मोटरसाइकिल से लौट रहा था। घर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचते ही उसका पीछा कर रहे स्कूटी सवार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज से सामने आया है कि बदमाश उसके घर से ही रेकी कर रहे थे और उसकी मोटरसाइकिल के आगे-आगे भी चल रहे थे।

पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर भेजा। घटनास्थल से गोलियों के तीन खोल और एक खाली मैगजीन बरामद हुई है। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के आने-जाने के रास्ते का पता लगा रही है और मामले की जांच में जुटी है।

भाषा बाकोलिया

गोला

गोला