तमिलनाडु पुलिस में बड़े पैमाने पर फेरबदल

Ads

तमिलनाडु पुलिस में बड़े पैमाने पर फेरबदल

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 07:31 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 07:31 PM IST

चेन्नई, 14 मई (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने बृहस्पतिवार को पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल करते हुए 10 से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया जिनमें खुफिया शाखा के भी अधिकारी हैं।

सरकार द्वारा जारी किये गये आदेश (जीओ) के अनुसार खुफिया शाखा में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी बाला नागा देवी को स्थानांतरित कर साइबर अपराध शाखा (चेन्नई) का डीजीपी बनाया गया है।

तमिलनाडु सहकारी दुग्ध उत्पादक परिसंघ के मुख्य सतर्कता अधिकारी राजीव कुमार को प्रशिक्षण पुलिस महानिदेशक (चेन्नई) बनाया गया है।

अनिवार्य प्रतीक्षा सूची में रहे एस. डेविडसन देवासिर्वथम को तमिलनाडु सहकारी दुग्ध उत्पादक परिसंघ का डीजीपी (सतर्कता अधिकारी) नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार, अनिवार्य प्रतीक्षारत पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के ए सेंथिल वेलन को तमिलनाडु पुलिस अकादमी में आईजीपी नियुक्त किया गया है।

सरकारी आदेश के अनुसार, वेल्लोर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजीपी) जी धर्मराजन को डीआईजीपी (सिक्योरिटी-चेन्नई) के रूप में पदस्थापित किया गया है।

ग्रेटर चेन्नई पुलिस के दक्षिण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था संभाल रहे पकेरला सेफस कल्याण को डीआईजी (खुफिया-आंतरिक सुरक्षा), चेन्नई नियुक्त किया गया है।

तिरुनेलवेली रेंज के डीआईजी पी सरवनन का खुफिया शाखा (चेन्नई) में तबादला किया गया है। तिरुवारुर जिले के पुलिस अधीक्षक गराड करुण उद्धवराव को संगठित अपराध खुफिया (चेन्नई) का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

इसी तरह कई अन्य तबादले किये गये हैं।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश