रंगदारी वसूलने के लिए बिश्नोई गिरोह की मदद करने के आरोप में गणित का शिक्षक गिरफ्तार
रंगदारी वसूलने के लिए बिश्नोई गिरोह की मदद करने के आरोप में गणित का शिक्षक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हरि बॉक्सर-लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी के वास्ते एक कारोबारी की टोह लेने के आरोप में गणित के एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शालीमार बाग निवासी 35 वर्षीय अमित बिश्नोई उर्फ रूद्र प्रताप सिंह के तौर पर हुई है।
उन्होंने कहा कि मूल रूप से हरियाणा के हिसार का रहने वाला आरोपी 2018 से मुखर्जी नगर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों में गणित पढ़ा रहा था।
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के अनुसार, सिंह ने कथित तौर पर पीड़ित के कार्यालय की रेकी की, परिसर का एक वीडियो रिकॉर्ड किया और इसे गैंगस्टर हरि बॉक्सर के साथ साझा किया, जिसने बाद में व्यवसायी को धमकी दी और फुटेज का इस्तेमाल करते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की।
विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने एक बयान में कहा, ’15 जून को मुखर्जी नगर निवासी व्यवसायी को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से सोशल मीडिया ऐप पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हरि बॉक्सर बताया और एक सप्ताह के भीतर पैसे नहीं देने पर व्यवसायी और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।’
त्रिपाठी ने कहा कि गैंगस्टर ने बाद में कई विदेशी नंबरों के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया और यह दिखाने के लिए उसेक कार्यालय का एक वीडियो भी साझा किया कि गिरोह ने उसके बारे में विस्तृत जानकारी एकत्र की थी।
डीसीपी ने कहा, ‘कॉल करने वाले ने चेतावनी दी कि अगर वह मांग पूरी करने में विफल रहा तो व्यवसायी को ‘उड़ा दिया’ जाएगा।’
व्यवसायी ने मुखर्जी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आठ जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान, विशेष प्रकोष्ठ ने सिंह को पकड़ लिया, जिसने कथित तौर पर हरि बॉक्सर के कहने पर पीड़ित, उसके परिवार और व्यवसाय के बारे में जानकारी एकत्र करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने कहा कि सिंह 2014 में हरियाणा में एक परिचित के माध्यम से जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया। बाद में उसने हरि बॉक्सर के साथ संपर्क स्थापित किया। बॉक्सर ने उसे रंगदारी वसूली में मदद करने और जानकारी एकत्र करने के लिए गिरोह में भर्ती किया।
पुलिस जांच कर रही है कि क्या सिंह ने गिरोह को दिल्ली में अन्य संभावित लक्ष्यों की पहचान करने में मदद की थी और क्या वह अतीत में इसी तरह की रोकी की गतिविधियों में शामिल था।
डीसीपी ने कहा कि अमित बिश्नोई हरियाणा के फरीदाबाद से बीटेक की डिग्री ली हैं और उसने मुखर्जी नगर में यूपीएससी और एसएससी परीक्षा की तैयारी की थी। 2018 से, वह क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग सेंटरों में गणित शिक्षक के रूप में काम कर रहा था।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


