टीवीके सरकार के लिए ढाल की तरह काम करेगी एमडीएमके: वाइको
टीवीके सरकार के लिए ढाल की तरह काम करेगी एमडीएमके: वाइको
चेन्नई, 30 जुलाई (भाषा) मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) प्रमुख वाइको ने कहा कि अगर कोई भी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश करेगा, तो उनकी पार्टी ढाल और तलवार बनकर उन कोशिशों को नाकाम कर देगी।
एमडीएमके नेता ने यह भी कहा कि टीवीके कभी भी अपने धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी और न ही भाजपा की ओर झुकाव रखेगी।
वाइको ने बुधवार को यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘मैंने टीवीके के संस्थापक सी. जोसेफ विजय से कहा कि उन्हें किसी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि मैं जिस भी गठबंधन में रहा हूं, उसकी जीत दिलाने में प्रमुख कमांडरों में से एक रहा हूं। आज मैं आपके साथ खड़ा हूं। अगर कोई आपकी सरकार के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश करेगा, तो एमडीएमके उन कोशिशों को विफल करने के लिए ढाल और लड़ने के लिए तलवार का काम करेगी।’’
विपक्षी दलों द्वारा टीवीके सरकार को गिराने की कोशिश किए जाने संबंधी खबरों का जिक्र करते हुए एमडीएमके नेता ने कहा, ‘‘दिवास्वप्न मत देखिए। आप चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, अगर ऐसी राजनीतिक स्थिति आती है, तो टीवीके के नेतृत्व वाला गठबंधन 234-सदस्यीय विधानसभा में कम से कम 180 सीट जीतेगा। आपको (विपक्षी दलों को) करारी हार का सामना करना पड़ेगा, आपकी राजनीतिक पहचान खत्म हो जाएगी और आप शून्य पर पहुंच जाएंगे।’’
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


