विजयवाड़ा में मेडिकल छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
विजयवाड़ा में मेडिकल छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
विजयवाड़ा, पांच फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक सरकारी मेडिकल कॉलेज की 26 वर्षीय स्नातकोत्तर मेडिकल छात्रा की पेट में तेज दर्द और उल्टी होने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार तड़के सामने आई, जब डॉक्टरों ने गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में इलाज के दौरान बी. दीपिका को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सरकारी मेडिकल कॉलेज की 26 वर्षीय छात्रा की पेट में तेज दर्द और उल्टी होने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।’’
पुलिस ने बताया कि ‘एनेस्थिसियोलॉजी’ विभाग में तृतीय वर्ष की स्नातकोत्तर छात्रा और अनंतपुर जिले की रहने वाली दीपिका ने रात को एक अन्य कनिष्ठ छात्रा के साथ ‘एग फ्राइड राइस’ खाने के बाद बेचैनी की शिकायत की थी।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार मध्यरात्रि के आसपास दीपिका को पेट में दर्द और उल्टी जैसा महसूस हुआ, जिसके बाद कनिष्ठ छात्रा ने उसे एक इंजेक्शन लगाया।
पुलिस ने बताया कि हालांकि, जब कनिष्ठ छात्रा थोड़ी देर बाद वापस आई, तो दीपिका मेज पर बेहोश पड़ी मिली।
उसने बताया कि दीपिका को आईसीयू में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान आज तड़के उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने मौत के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


