मेघालय-असम पर्यटक टैक्सी विवाद सुलझा, दोनों सरकारों ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

Ads

मेघालय-असम पर्यटक टैक्सी विवाद सुलझा, दोनों सरकारों ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 08:07 PM IST

शिलांग, आठ सितंबर (भाषा) मेघालय और असम के टैक्सी संगठनों के बीच जारी गतिरोध मंगलवार को खत्म हो गया। 19 अगस्त को हुई हिंसा के बाद दोनों राज्यों के टैक्सी संगठन राज्य पर्यटक वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने और पार्किंग, शौचालय की सुविधा एवं पुलिस जांच से जुड़ी चिंताओं को दूर करने पर सहमत हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह समझौता शिलांग में हुई एक संयुक्त बैठक में हुआ जिसमें असम के सात और मेघालय के पांच पर्यटक टैक्सी संगठनों ने हिस्सा लिया।

इस बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से मेघालय के उपमुख्यमंत्री स्नियावभलांग धर और असम के मंत्री अतुल बोरा ने की।

बैठक की अध्यक्षता शुरू में दोनों राज्यों के परिवहन आयुक्तों ने की थी। धर ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही और संगठनों द्वारा उठाए गए सभी जायज मुद्दों को मान लिया गया।

धर ने कहा, ‘‘मेघालय के संगठनों ने हवाई अड्डे पर पार्किंग की जगह और शौचालय की सुविधा की मांग की थी। असम सरकार ने इसे मान लिया है और जरूरी कदम उठाएगी।’’

उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों ने दोनों राज्यों की पुलिस को यह भी निर्देश दिया है कि वे जांच के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए मिलकर काम करें।

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों संगठनों ने अब से मिलकर काम करने का वादा किया है। अगर कोई छोटी-मोटी कमी रह जाती है तो उसे कुछ दिनों में सुलझा लिया जाएगा।’’

धर ने कहा कि भविष्य में आने वाली किसी भी समस्या को हल करने के लिए दोनों राज्यों के परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता वाली एक उपसमिति जरूरत पड़ने पर बैठक करेगी।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश