मेघालय: लापता महिला का शव बरामद
मेघालय: लापता महिला का शव बरामद
शिलांग, छह अप्रैल (भाषा) पिछले महीने से लापता एक महिला का शव सोमवार को यहां नोंगरा के पास एक नाले में मिला जिसे बोरी में भरकर फेंक दिया गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी।
पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विवेक सिएम ने बताया कि शव उसी महिला का है जो 20 मार्च से लापता थी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता शिलांग में रहती थी और मूल रूप से मेघालय के पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले की रहने वाली थी।
पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्य बाद में घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान करने में सहायता की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
इस बीच, एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसने पिछले सप्ताह देर रात अपने घर के पास किसी को ‘भारी वस्तु’ फेंकते हुए सुना था, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया क्योंकि उसने सोचा कि यह कचरा है।
पुलिस इस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है।
सिएम ने कहा, ‘एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है। इस घटना में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


