मेघालय के मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी ने हिंसा प्रभावित तुरा का दौरा किया

मेघालय के मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी ने हिंसा प्रभावित तुरा का दौरा किया

मेघालय के मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी ने हिंसा प्रभावित तुरा का दौरा किया
Modified Date: March 12, 2026 / 02:49 pm IST
Published Date: March 12, 2026 2:49 pm IST

तुरा, 12 मार्च (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा और उनकी पत्नी एवं विधायक मेहताब चांदी ए. संगमा ने बृहस्पतिवार को हिंसा प्रभावित तुरा कस्बे के कई इलाकों का दौरा किया और निवासियों से मुलाकात की तथा जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हुआ जब पश्चिम गारो हिल्स जिले के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लागू है। गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर मोबाइल इंटरनेट बंद है।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक वीडियो में संगमा और उनकी पत्नी तुरा के विभिन्न इलाकों में निवासियों से बातचीत करते दिख रहे हैं और निवासियों को आश्वासन दे रहे हैं कि सरकार सामान्य स्थिति बहाल करने और जान-माल की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम गारो हिल्स के उपायुक्त वी अग्रवाल से भी मुलाकात की जिन्होंने उन्हें अशांति के दौरान हुई आगजनी और दुकानों पर हमलों की घटनाओं एवं जिले में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने तुरा में सेना और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के अभियानों का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की और शांति बहाल करने में प्रशासन की सहायता करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

अधिकारियों ने बताया कि संभावित हमलों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को संगमा को तुरा स्थित उनके आवास से जाने की सलाह दी थी लेकिन मुख्यमंत्री ने वहीं रहने का विकल्प चुना।

संगमा ने अपने एक वीडियो बयान में कहा कि धमकियों के बावजूद वह तुरा में ही रहेंगे और खुद को ‘‘तुरा की धरती का बेटा’’ बताया।

हिंसा के बाद मुख्यमंत्री संगमा ने बुधवार को घोषणा की कि 10 अप्रैल को प्रस्तावित जीएचएडीसी चुनाव को स्थगित कर दिया गया है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना


लेखक के बारे में