मेघालय सरकार ने गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की
मेघालय सरकार ने गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की
शिलांग, 16 फरवरी (भाषा) मेघालय सरकार ने गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद चुनाव 10 अप्रैल को कराने की सोमवार को घोषणा की।
परिषद मेघालय की तीन स्वायत्त आदिवासी परिषदों में से एक है, जिसका गठन संविधान की छठी अनुसूची के तहत किया गया है।
मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मंत्री वी. शिला ने यह घोषणा की।
शिला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मतदान की तारीख 10 अप्रैल तय की गई है, जबकि मतगणना 14 अप्रैल को होगी।’’
मंत्री ने बताया कि चुनाव संबंधी राजपत्र अधिसूचना 9 मार्च को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मार्च तय की गई है।
नामांकन पत्रों की जांच उसी दिन अपराह्न 3 बजे के बाद की जाएगी और उम्मीदवारों को 17 मार्च तक अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति होगी।
इस बीच, सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने 24 उम्मीदवारों की सूची जारी की और परिषद के मौजूदा मुख्य कार्यकारी सदस्य को टिकट देने से इनकार कर दिया, जो चुनावों से पहले पार्टी के भीतर एक महत्वपूर्ण फेरबदल का संकेत है।
भाषा सुभाष रंजन
रंजन

Facebook


