मेघालय : हिंसा के बाद गारो पर्वतीय क्षेत्र में निलंबित की गई इंटरनेट सेवा बहाल
मेघालय : हिंसा के बाद गारो पर्वतीय क्षेत्र में निलंबित की गई इंटरनेट सेवा बहाल
शिलांग, 18 मार्च (भाषा) मेघालय सरकार ने हिंसाग्रस्त गारो पर्वतीय क्षेत्र के सभी पांच जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के बाद इंटरनेट सेवाओं पर लगे प्रतिबंध को बुधवार को वापस ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि हिंसा की घटनाओं के बाद एहतियाती उपाय के तौर पर इलाके में इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई थी।
उन्होंने बताया कि हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई और क्षेत्र के कुछ हिस्सों में, विशेष रूप से तुरा में अशांति फैल गई थी। इन इलाकों से झड़पों, तोड़फोड़ और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की खबरें आई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि गारो पर्वतीय स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी)चुनाव में गैर-आदिवासियों के भाग लेने पर रोक लगाने संबंधी अधिसूचना को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैल गई थी।
गृह (राजनीतिक) विभाग द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है 11 मार्च को पश्चिम गारो, पूर्वी गारो, दक्षिणी गारो, उत्तरी गारो और दक्षिण पश्चिम गारो पर्वतीय जिलों में मोबाइल डेटा और इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने के लिए जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है।
सरकार ने इसी के साथ 10 अप्रैल को होने वाले जीएचएडीसी चुनाव को स्थगित कर दिया है और अब ये चुनाव अक्टूबर माह में कराए जाएंगे।
इस बीच, पुलिस ने हिंसा के सिलसिले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


