मेघालय के सांसद ने शिलांग के ‘निफ्ट’ में पूर्णकालिक निदेशक की नियुक्ति की मांग की
मेघालय के सांसद ने शिलांग के 'निफ्ट' में पूर्णकालिक निदेशक की नियुक्ति की मांग की
शिलांग, चार फरवरी (भाषा) मेघालय सांसद रिकी एजे सिंगकॉन ने केंद्र सरकार से शिलांग स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में एक पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त करने की मांग की है।
सिंगकॉन ने केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय को लिखे एक पत्र में कहा कि संस्थान की अक्टूबर-दिसंबर 2025 की तिमाही रिपोर्ट से पता चला है कि शिलांग का निफ्ट पूर्णकालिक निदेशक के बिना चल रहा है, जिससे प्रशासनिक और शैक्षणिक निर्णयों में निरंतरता की कमी हो गई है।
सांसद के अनुसार, ‘स्थिर नेतृत्व के अभाव में संस्थान की निगरानी प्रणाली कमजोर हुई है जिससे संस्थान की दीर्घकालिक योजना एवं विकास की क्षमता सीमित हो गई है।’
सिंगकॉन ने यह मुद्दा भी उठाया कि कई अनुमोदित प्रशासनिक पद खाली पड़े हैं, जिससे मौजूदा कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा, ‘इस वजह से दैनिक प्रशासनिक कार्यों, शैक्षणिक समन्वय और छात्रों से संबंधित सेवाओं में देरी हो रही है।’
सांसद ने कहा कि बड़ी संख्या में स्वीकृत शैक्षणिक पद खाली पड़े हैं, जिसके कारण संस्थान को अनुबंध और विजिटिंग फैकल्टी के तौर पर आने वाले शिक्षकों पर अत्यधिक निर्भर रहना पड़ रहा है।
सांसद ने केंद्र से अनुरोध किया कि संस्थान में नियमित निदेशक की नियुक्ति की जाए और सभी रिक्त प्रशासनिक व शैक्षणिक पदों को निश्चित समय सीमा के भीतर भरा जाए।
भाषा प्रचेता अमित
अमित

Facebook


