महबूबा मुफ्ती की ‘धर्मनिरपेक्ष सोच’ वालों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
महबूबा मुफ्ती की 'धर्मनिरपेक्ष सोच' वालों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
(फाइल तस्वीर के साथ)
श्रीनगर, 26 सितंबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को ‘धर्मनिरपेक्ष सोच’ वाले लोगों से अपील की कि वे 29 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘अन्याय’ के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हों और देश के लोकतंत्र, भाईचारे और समावेशी संस्कृति की ‘रक्षा’ करें।
महबूबा ने कहा कि यह प्रदर्शन ‘मॉनिटरिंग कमिटी फॉर इंडियन मुस्लिम्स’ की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘आप जानते हैं कि आज हमारे देश में मस्जिदों, धर्मस्थलों और गिरजाघरों को बड़ी बेरहमी से ध्वस्त किया जा रहा है। इसके अलावा, तैयार की जा रही मतदाता सूची में विपक्ष के समर्थकों, धर्मनिरपेक्ष सोच वाले लोगों और खासकर मुसलमानों के नाम हटाए जा रहे हैं।’
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मॉनिटरिंग कमिटी फॉर इंडियन मुस्लिम्स’ ने ‘इन सभी अन्यायों’ के खिलाफ 29 सितंबर को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘मैं सभी धर्मनिरपेक्ष सोच वाले लोगों से इसमें शामिल होने और देश के लोकतंत्र, भाईचारे तथा इस देश की गंगा-जमुनी तहजीब (समावेशी संस्कृति) की रक्षा में हमारी मदद करने की अपील करती हूं।’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


