आइजोल, 21 सितंबर (भाषा) पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में म्यांमा सीमा के पास 9.12 करोड़ रुपये मूल्य की ‘मेथामफेटामाइन’ गोलियां जब्त की गई और तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को जोटलांग क्षेत्र में अभियान शुरू किया गया और रेत के नीचे छिपाकर रखी गई 70.20 किलोग्राम ‘मेथामफेटामाइन’ की गोलियां जब्त कीं।
‘मेथामफेटामाइन’ को ‘आइस’ या ‘क्रिस्टल मेथ’ भी कहा जाता है और यह एक बहुत प्रभावी मादक पदार्थ है। भारत में ‘मेथामफेटामाइन’ की गोलियां प्रतिबंधित हैं।
अधिकारी ने बताया कि चम्फाई के दिनथर इलाके के एक निवासी को तस्करी में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि बरामदगी के संबंध में जांच की जा रही है।
राज्य पुलिस ने चार मई को चम्फाई के वंजौ गांव में 30.72 करोड़ रुपये मूल्य की 236 किलोग्राम ‘मेथामफेटामाइन’ गोलियां जब्त की थीं।
अधिकारियों ने बताया कि आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग तथा ‘यंग मिजो एसोसिएशन’ (वाईएमए) के सहयोग से मिजोरम पुलिस द्वारा एक सितंबर से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है और विशेष रूप से ये अभियान भारत-म्यांमा सीमा तथा अंतरराज्यीय सीमाओं पर शुरू किए गए हैं।
ये अभियान दिसंबर तक जारी रहेंगे।
भाषा यासिर नरेश
नरेश