गृह मंत्रालय ने एनएसजी में शामिल सीएपीएफ, असम राइफल्स कर्मियों की प्रतिनियुक्ति बढ़ाने को मंजूरी दी

Ads

गृह मंत्रालय ने एनएसजी में शामिल सीएपीएफ, असम राइफल्स कर्मियों की प्रतिनियुक्ति बढ़ाने को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 05:25 PM IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) केंद्र सरकार ने आतंकवाद रोधी कमांडो बल एनएसजी में प्रतिनियुक्ति पर आने वाले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और असम राइफल्स के कर्मियों का कार्यकाल बढ़ाकर सात वर्ष कर दिया है। यह निर्णय ‘ब्लैक कैट’ बल की विशेष लड़ाकू आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने इन जवानों की प्रतिनियुक्ति का समय मौजूदा पांच साल (दो बार एक-एक साल बढ़ाया जा सकता है) से बढ़ाकर सात साल करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस फैसले को मंजूरी दी।

एनएसजी एक संघीय आतंकवाद रोधी बल है और इसके कमांडो को ‘ब्लैक कैट्स’ कहा जाता है, क्योंकि लड़ाई में अपनी भूमिका के दौरान वे पूरी तरह काले परिधान में होते हैं।

यह बल विशेष आतंकवाद रोधी अभियान का संचालन करता है और उच्च जोखिम वाले वीआईपी लोगों को सुरक्षा घेरा प्रदान करता है।

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गृह मंत्रालय ने 5 मार्च को एक आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और असम राइफल्स के जो लोग प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी में शामिल हो रहे हैं, उन्हें कमांडो बल के ‘काम की विशेष प्रकृति’ को ध्यान में रखते हुए, ’शुरुआती नियुक्ति के समय’ पूरे सात साल का कार्यकाल दिया जाएगा।

अब तक, ऐसे लोगों का एनएसजी में पांच साल का निश्चित प्रतिनियुक्ति कार्यकाल होता था, जिसे दो बार एक-एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता था।

भाषा वैभव दिलीप

दिलीप