चेन्नई, एक जून (भाषा) तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक निर्माणाधीन स्थल के श्रमिक शिविर में लोहे का अस्थायी ढांचा गिरने से झारखंड के एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार देर रात उस समय हुआ जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का फाइनल मैच चल रहा था और 100 से अधिक श्रमिक शांति नगर मेन रोड पर स्थित अस्थायी आवासीय परिसर में मोबाइल फोन और अन्य पोर्टेबल उपकरणों पर मैच देख रहे थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बड़ी संख्या में श्रमिक दो मंजिला औद्योगिक शेड की पहली मंजिल पर बने अस्थायी ऊंचे रैंप और प्लेटफॉर्म पर एकत्र हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि भीड़ बढ़ने और लोगों के रेलिंग पर झुकने के कारण यह अस्थायी ढांचा भार नहीं सह सका और अचानक ढह गया, जिससे कई श्रमिक लगभग 15 फुट नीचे भूतल पर गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन सेवा कर्मियों, पुलिस और शिविर में मौजूद अन्य श्रमिकों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों ने झारखंड के मूल निवासी ब्रिंजी मांझी (55) सहित 21 घायल श्रमिकों को गिंडी के सरकारी कलैग्नार शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया।
सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मांझी को बाद में राजीव गांधी सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार तड़के उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि अन्य घायल श्रमिकों को पोरूर स्थित श्री रामचंद्र मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, कोलकाता निवासी सुखानी नामक एक अन्य श्रमिक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती है।
उन्होंने बताया कि बाकी घायल श्रमिकों की स्थिति स्थिर बनी हुई है और वे खतरे से बाहर हैं।
नंदमबक्कम की पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा
मनीषा