ई-रिक्शा का न्यूनतम किराया अब 20 रुपये होगा: फेडरेशन
ई-रिक्शा का न्यूनतम किराया अब 20 रुपये होगा: फेडरेशन
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में शुक्रवार से ई-रिक्शा का न्यूनतम किराया 20 रुपये होगा। इलेक्ट्रिक वाहन फेडरेशन ने यह निर्णय लिया है, हालांकि दिल्ली सरकार ने इस संबंध में फिलहाल कोई फैसला नहीं किया है।
फेडरेशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने बताया कि सवारी का न्यूनतम किराया संशोधित कर 20 रुपये कर दिया गया है, जो एक मई से लागू होगा।
शर्मा ने कहा, ‘न्यूनतम किराया बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। हमने ई-रिक्शा चालकों से तय पोशाक पहनने और वाहनों के लिए उचित फिटनेस प्रमाण पत्र रखने को भी कहा है।’’
उन्होंने कहा कि 2014 में इन वाहनों की शुरुआत के बाद यह पहली बार है जब किराये में संशोधन किया गया है। शर्मा ने कहा कि ई-रिक्शा खरीदने और चार्जिंग की लागत में हुई वृद्धि को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
दिल्ली सरकार ने ई-रिक्शा के लिए किसी भी न्यूनतम किराये को मंजूरी देने से इनकार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘न्यूनतम किराये पर प्रशासन द्वारा अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।’
इलेक्ट्रिक वाहन फेडरेशन ने बृहस्पतिवार को कहा कि जल्द ही सड़कों पर ई-रिक्शा चालक तय पोशाक में नजर आएंगे। फेडरेशन के अनुसार, आसमानी नीला या पीले रंग की पोशाक तय की जाएगी।
भाषा सुमित आशीष
आशीष

Facebook


