शाहाबाद में खनन ठेकेदार को मारी गोली, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

शाहाबाद में खनन ठेकेदार को मारी गोली, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

शाहाबाद में खनन ठेकेदार को मारी गोली, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
Modified Date: June 1, 2026 / 06:30 pm IST
Published Date: June 1, 2026 6:30 pm IST

कुरुक्षेत्र, एक जून (भाषा) हरियाणा के शाहाबाद में अज्ञात हमलावरों द्वारा एक खनन ठेकेदार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घायल ठेकेदार अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस ने शाहाबाद में रविवार शाम खनन ठेकेदार सुनील भाटिया उर्फ बंटी (36) पर गोली चलाने वाले हमलावरों की धरपकड़ के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, भाटिया को शुरुआत में शाहाबाद के मोहड़ी स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां से रविवार देर रात उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

शाहाबाद के थाना प्रभारी (एसएचओ) जगदीश तमक ने बताया कि हमले के पीछे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस पीड़ित के खनन कारोबार सहित सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, भाटिया रविवार शाम कुछ लोगों से बात कर रहे थे। जैसे ही वह वहां से जाने लगे, हमलावरों ने कथित तौर पर उन्हें पीछे मुड़ने को कहा। उनके मुड़ते ही हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।

अधिकारी ने बताया कि पहली गोली भाटिया की जांघ में और दूसरी कंधे पर लगी। हमलावर मौके पर चार. पांच गोलियां चलाने के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि संदिग्धों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में