आयुष मंत्रालय ने ‘लाइव योग स्ट्रीम’ पर सबसे ज्यादा दर्शक हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया

आयुष मंत्रालय ने ‘लाइव योग स्ट्रीम’ पर सबसे ज्यादा दर्शक हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया

आयुष मंत्रालय ने ‘लाइव योग स्ट्रीम’ पर सबसे ज्यादा दर्शक हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया
Modified Date: June 14, 2026 / 09:29 pm IST
Published Date: June 14, 2026 9:29 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले एक बड़ी उपलब्धि के तहत आयुष मंत्रालय ने रविवार को “यूट्यूब पर लाइव योग स्ट्रीम पर सबसे ज्यादा दर्शक हासिल करने” का गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया।

मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित एक विशेष वैश्विक ऑनलाइन योग सत्र के दौरान 4,35,831 दर्शक उससे जुड़े। यह सत्र 21 जून के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए मंत्रालय की जनसंपर्क गतिविधियों के तहत आयोजित किया गया था। उसमें भारत और दुनियाभर के योग प्रेमियों, विद्यार्थियों, संस्थानों और पेशेवरों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ सत्र का हिस्सा था । इस आयोजन ने ‘योग 365’ अभियान के जरिये योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के मंत्रालय के दृष्टिकोण को और मजबूत किया।

बयान के मुताबिक, आयुष मंत्रालय के इस विशेष वैश्विक ऑनलाइन योग सत्र के दौरान 4,35,831 सत्यापित दर्शक जुड़े, जिससे “यूट्यूब पर लाइव योग स्ट्रीम पर सबसे ज्यादा 2,46,252 दर्शक” वाला पिछला गिनीज विश्व रिकॉर्ड टूट गया।

आयुष मंत्रालय में सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा, “यह उपलब्धि सिर्फ एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का नहीं है, बल्कि उस संदेश के बारे में है, जो हम दुनिया को दे रहे हैं। लोगों की भारी भागीदारी यह दिखाती है कि स्वस्थ रहने के लिए योग को एक सशक्त माध्यम के तौर पर कितनी तेजी से स्वीकार किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा, “हमारा मकसद लोगों को योग को सिर्फ एक दैनिक अभ्यास के तौर पर नहीं, बल्कि जीवनभर की आदत के तौर पर अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और ‘योग 365’ को हकीकत बनाना है।”

सत्र के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग सहित कई मंत्रियों के विशेष संदेश प्रसारित किए गए।

भाषा पारुल राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में