पश्चिम दिल्ली में घर में आग लगने से एक नाबालिग की मौत, बुजुर्ग महिला घायल

Ads

पश्चिम दिल्ली में घर में आग लगने से एक नाबालिग की मौत, बुजुर्ग महिला घायल

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 03:26 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में बुधवार तड़के एक घर में आग लगने से 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला झुलस गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान जसप्रीत के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला स्वमजीत कौर (65) करीब 35 प्रतिशत झुलस गई हैं। उनका इलाज जारी है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के मुताबिक, ख्याला क्षेत्र में स्थित एक घर में आग लगने की सूचना रात करीब दो बजकर 45 मिनट पर मिली। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और तड़के चार बजकर 10 मिनट तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

डीएफएस के अनुसार, आग मकान के भूतल पर रखे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर और घरेलू सामान में लगी थी।

डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के कर्मचारियों ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि आग लगने के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा