कानपुर/बदायूं/बलिया/बुलंदशहर (उप्र), छह सितंबर (भाषा) कानपुर जिले के साढ़ क्षेत्र में रविवार को एक कच्चा मकान ढहने से मलबे में दबकर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी।
वहीं बदायूं जिले में शनिवार रात में भारी बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से एक किसान की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इधर, बलिया जिले में रविवार सुबह चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नफरेपुर गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई।
कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में पूर्वाह्न करीब 11 बजे बारिश के दौरान एक परिवार का कच्चा घर ढहने से मुकेश कुमार (45) और उनकी बेटियों माया (17), नीतू (सात) और पल्लवी (पांच) की मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि हादसे में मुकेश की एक अन्य बेटी काजल (20) गंभीर रूप से घायल हो गयी जिसे कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लाल ने बताया कि घर ढहने के सही कारणों की जांच की जा रही है। इस बीच, मुकेश के चचेरे भाई तेज बहादुर सिंह ने पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाया कि घर ढहने के बाद परिवार ने साढ़ पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन शुरू में उनके फोन का कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को खुद ही बचाव कार्य शुरू करना पड़ा और मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने के लिए उन्होंने लगभग दो घंटे तक काम किया।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज में देरी हुई क्योंकि पीड़ितों को वहां लाए जाने के समय कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं था।
उन्होंने कथित खामियों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिवार के अनुसार, काजल की शादी दिसंबर में होने वाली थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
बदायूं जिले के मूसाझाग थाना इलाके के गुरुगांव ग्राम में शनिवार देर रात भारी बारिश के कारण एक किसान के कच्चे घर की दीवार गिर गई, जिससे वह मलबे के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मूसाझाग के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान विनोद (35) के रूप में हुई है, जो दीवार गिरने के समय अपने परिवार के सदस्यों के साथ सो रहा था। ग्रामीणों ने उसकी घायल पत्नी को मलबे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है।
वहीं, बलिया में रविवार सुबह चितबड़ागांव थाना इलाके के नफरेपुर गांव में मिट्टी की दीवार के ढह जाने से उसके नीचे दबकर छह साल की बच्ची की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बच्ची की पहचान कीर्ति राजभर (छह) के रूप में हुई है, जो नफरेपुर गांव में बिस्कुट खरीदने के लिए पास की एक किराने की दुकान पर गई थी। लौटते समय उसके साथ एक और लड़की थी, लेकिन वह लड़की आगे निकल गई थी। इसी बीच, अचानक मिट्टी की दीवार गिर गई और कीर्ति मलबे के नीचे दब गई। यह देखकर एक बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया। यह सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला।
ग्रामीण उसे रसड़ा के अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कीर्ति राजभर अपने नाना-नानी के गांव नफरेपुर आई हुई थी। उसका अपना गांव नसीरपुर कला है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
बुलंदशहर जिले के थाना अनूपशहर क्षेत्र में दीवार गिरने से मलबे में दबकर दादी और पोती की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक अनूपशहर क्षेत्र के ऐंचोरा गांव में रविवार देर शाम ओमवती (62) और उनकी पोती कुमकुम (12) के ऊपर दीवार गिर गई, जिससे दोनों मलबे में दब गईं। दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भरत कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
भाषा सं. सलीम आनन्द सुरभि
सुरभि