पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा

Ads

पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 10:41 AM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 10:41 AM IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद एक नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब पौने नौ बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक फोन कॉल के जरिए नाबालिग को चाकू मारे जाने की घटना की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसने घायल को एक सामुदायिक केंद्र के पास खुले इलाके में पड़ा पाया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पीड़ित के पेट में चाकू से वार किया गया था। उसे गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

उन्होंने बताया कि लड़का इसी इलाके का निवासी था और एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता था। उसके पिता दर्जी का काम करते हैं और उसके दो भाई हैं।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि दोनों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत हिरासत में रखा गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह घटना पीड़ित और दोनों लड़कों के बीच हुए झगड़े के बाद हुई।’’

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने स्कूली पढ़ाई बीच में छोड़ दी है और वे आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं।

इस संबंध में ख्याला थाने में भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी