कश्मीर घाटी में प्रस्तावित ‘तंत्र इन साइलेंस’ कार्यक्रम पर रोक के लिए उमर हस्तक्षेप करें : मीरवाइज
कश्मीर घाटी में प्रस्तावित ‘तंत्र इन साइलेंस’ कार्यक्रम पर रोक के लिए उमर हस्तक्षेप करें : मीरवाइज
श्रीनगर, 19 सितंबर (भाषा) कश्मीर के धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने केंद्र शासित प्रदेश में स्वघोषित धर्मगुरु स्वामी ध्यान सुमित के एक आध्यात्मिक एवं ध्यान कार्यक्रम को रोकने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के हस्तक्षेप की मांग की।
मीरवाइज ने गुरेज घाटी में 24 से 27 सितंबर के बीच ‘तंत्र इन साइलेंस’ नामक कार्यक्रम आयोजित करने की खबरों पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों से कश्मीर के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक लोकाचार का दोहन रोकने की अपील की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को तुरंत इस पर संज्ञान लेना चाहिए और इस शोषण को रोकना चाहिए!’’
मीरवाइज ने कहा, ‘‘यह बात बहुत चौंकाने वाली है कि कश्मीर के गुरेज में इस तरह के कार्यक्रम की अनुमति दी जा रही है, जबकि इसी संगठन के एक ऐसे ही कार्यक्रम को गोवा पुलिस ने रद्द कर दिया था, क्योंकि उसके अश्लील प्रचार विवरणों की वजह से लोगों में भारी नाराजगी थी!’’
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी इससे पहले एक पोस्ट में उमर अब्दुल्ला और पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कार्रवाई करने की अपील की थी।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


