मिथुन चक्रवर्ती को अस्पताल से छुट्टी मिली, कहा- बिल्कुल ठीक हूं

Ads

मिथुन चक्रवर्ती को अस्पताल से छुट्टी मिली, कहा- बिल्कुल ठीक हूं

  •  
  • Publish Date - February 12, 2024 / 04:36 PM IST,
    Updated On - February 12, 2024 / 04:36 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 12 फरवरी (भाषा) दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को सोमवार दोपहर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जिसके बाद उन्होंने कहा कि वह “बिल्कुल ठीक” हैं और जल्द ही फिल्मों की शूटिंग शुरू करेंगे।

चक्रवर्ती (73) को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद 10 फरवरी को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एमआरआई समेत उनकी कई चिकित्सा जांच की गईं।

इससे पहले दिन में वरिष्ठ चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति की समीक्षा की थी।

चक्रवर्ती ने अस्पताल से बाहर निकलते हुए कहा, “वास्तव में कोई समस्या नहीं है, मैं बिल्कुल ठीक हूं। मुझे अपने खान-पान पर नियंत्रण रखना होगा। देखते हैं; मैं जल्द ही काम करना शुरू कर सकता हूं, शायद कल से।”

चक्रवर्ती ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को उन्हें फोन करके “सेहत का ख्याल न रखने के लिए डांटा था।”

भाजपा सांसद दिलीप घोष ने भी सुबह अस्पताल में उनसे मुलाकात की।

देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित चक्रवर्ती ने हिंदी, बंगाली, उड़िया, भोजपुरी और तमिल भाषा में लगभग 350 फिल्मों में अभिनय किया है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश