राजस्थान में बजट पर नेताओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया

Ads

राजस्थान में बजट पर नेताओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 03:39 PM IST

जयपुर, एक फरवरी (भाषा) राजस्थान में राजनीतिक दलों के नेताओं ने केंद्रीय बजट पर अलग-अलग राय दी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे राज्य के लिए निराशाजनक बताया जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इसे विकासोन्मुख एवं जन-केंद्रित करार दिया।

भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

वसुंधरा राजे ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह भारत की आर्थिक वृद्धि को तेज करेगा और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि बजट नागरिकों की आकांक्षाओं को पंख देगा।

राजे ने इसे ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ की दृष्टि का प्रतीक बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इसके लिए बधाई दी।

वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि बजट में राजस्थान के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) का कोई उल्लेख नहीं है और न ही राज्य के लिए किसी नयी रेलवे या मेट्रो परियोजनाओं की घोषणा की गई।

गहलोत ने दावा किया कि बजट गरीबों, मजदूरों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाली बड़ी आबादी को कोई बड़ी राहत देने में विफल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘कथित डबल इंजन सरकार के बावजूद यह बजट राजस्थान के लिए पूरी तरह निराशाजनक साबित हुआ है।’’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि इस बजट में लोक-लुभावनी घोषणाओं के स्थान पर राष्ट्र निर्माण की मूल भावना को महत्व दिया गया है। इसमें आधारभूत ढांचे के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नवाचार और ग्रामीण समृद्धि को एक समग्र दृष्टिकोण के साथ जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थाई और संतुलित विकास की नींव रखता है। इसमें युवा, महिलाओं, किसान, एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम), उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और नवाचार जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को केंद्र में रखा गया है।

भाषा बाकोलिया नेत्रपाल सुरभि

सुरभि